Sunday, 31 July 2011

फंदा लगाकर आत्महत्या की

सिवाना(प्रैसवार्ता) थानान्तर्गत गुडानाल गांव में एक विवाहिता ने खेजड़ी के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका। थानाधिकारी रामवीर जाखड़ ने बताया कि शान्ति पत्नी सवाराम भील ने गुडानाल गांव में खेजड़ी से फंदा लगाकर आत्म हत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।

मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए डेढ़ प्रतिशत मकान आरक्षित

उज्जैन(प्रैसवार्ता) हरियाणा सरकार ने आवास बोर्ड में मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए डेढ़ प्रतिशत मकान आरक्षित किए हैं। इसके अलावा पत्रकारों के लिए इलाज व मृत्यु आदि के मामलों में सहायता के लिए प्रदेश सरकार ने 50 लाख रूपए की राशि से पत्रकार कल्याण कोष की स्थापना की है। यह जानकारी हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रदेशाध्यक्ष एवं नैशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया के राष्ट्रीय सचिव संजय राठी ने दी है। वे शनिवार को उज्जैन में नैशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स इंडिया की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। दो दिवसीय बैठक के प्रथम दिन देश भर से आए पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री राठी ने कहा कि हरियाणा सरकार ने हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की संस्तुति पर करीब 34 लाख रूपए की सहायता राशि मीडिया कर्मियों के कल्याण के लिए प्रदान की है। हाल ही में गठित मान्यता प्रदाय समिति में हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के सर्वाधिक प्रतिनिधित्व देते हुए नौ सदस्यों को शामिल किया है। राष्ट्रीय सचिव संजय राठी ने कहा कि नैशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स व हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के तत्वावधान में दिल्ली में राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया जाएगा। जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। संजय राठी ने कहा कि हरियाणा में एचयूजे सर्वाधिक प्रभावी एवं सक्रिय संगठन के रूप में स्थापित हो चुकी है। जिसके लगभग 1200 सदस्य हैं तथा प्रत्येक जिले में सक्रिय यूनिट हैं। बैठक में यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रज्ञानंद चौधरी, महासचिव रासबिहारी, पूर्व अध्यक्ष डाक्टर एनके त्रिखा, राजेंद्र प्रभु, उपाध्यक्ष जितेंद्र अवस्थी, प्रैस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य उपल्ला लक्ष्मण, पूर्व उपाध्यक्ष अशोक मलिक, हरेश वशिष्ठ, अवतार सिंह, मांगेराम शर्मा, विजय कौशिक आदि मौजूद थे। इस बैठक में 16 प्रदेशों के लगभग 150 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

दो गुटों में खूनी संघर्ष

बाड़मेर(प्रैसवार्ता) कोनरा गांव में आपसी कहासुनी को लेकर एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच हुए खूनी संघर्ष में 13 जने घायल हो गए। दो गुटों के बीच करीब आधे घंटे तक लाठी भाटा जंग चली। माहौल गरमाने के बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां से घायलों को उपचार के लिए पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चौहटन लेकर आई। वहां से गंभीर घायलों को बाड़मेर रेफर कर दिया । इधर, पुलिस थाना चौहटन में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस मामले दर्ज किए गए।
     कोनरा गांव में शनिवार को जीप की टक्कर से एक बालक को मामूली चोट लगने के मामले ने तूल पकड़ लिया। इससे एक ही समुदाय के लोग आमने -सामने हो गए और काफी देर तक लाठी-भाटा जंग चली। इससे दोनों गुटों के 13 जने घायल हो गए। थानाधिकारी कैलाशदान ने बताया कि कोनरा निवासी सलीम ने मामला दर्ज करवाया कि कमरदीन खान, जीमण खान एवं अली खान पर अमीद, इलियास, आरब, हाजी रेशम, हासम खान, हाकम खान, बिलाल, जलाल, शेरू, सफर दीन, लूणा व मौसम ने एकराय होकर धारदार हथियारों से उनपर हमला कर दिया। इस दौरान बीच बचाव करने आए हाकम व महावत भी घायल हो गए। इधर, दूसरे पक्ष के हाकम ने क्रॉस मामला दर्ज करवाया कि सलीम खान ने जीप से बच्चे को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गए। विरोध जताने पर सलीम खान, जानु खान, शंकर दीन, रहमान खान, कमरदीन, अदरुप खान, गुलाम अली, लूणा व मोहबतखान ने धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। सभी घायलों का बाड़मेर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अब गुरु जी काटेंगे चालान

बाड़मेर(प्रैसवार्ता) अब शिक्षक वर्ग पुलिस की भूमिका भी निभाएंगे। जिन स्कूलों के आसपास इस तरह के उत्पाद बिकते हैं, उस स्कूल के शिक्षकों को उन दुकानदारों का चालान काटने का अधिकार होगा और वे 100 रुपए तक का जुर्माना लगा सकेंगे। वहीं शिक्षकों की शिकायत पर उस स्थान से दुकान भी हटवाई जा सकेगी। इसके अलावा जो स्कूली छात्र गुटखा, जर्दा, बीड़ी, सिगरेट आदि का सेवन करता है उसके खिलाफ भी कार्रवाई करने का अधिकार शिक्षक को दिया जाएगा।
      स्कूलों के आसपास गुटखा, जर्दा, बीड़ी, सिगरेट बेचने वालों के साथ- साथ इन उत्पादों का सेवन करने वाले स्कूली छात्रों के खिलाफ भी शिक्षक कर सकेंगे कार्रवाई।
    स्कूलों के आसपास गुटखा, जर्दा, बीड़ी, सिगरेट आदि बेचने वालों का अब शिक्षक भी चालान काट सकेंगे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार भारत सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्रालय ने प्रस्ताव तैयार किया है। गौरतलब है कि स्कूलों की 100 मीटर दूरी में इस प्रकार के उत्पाद बेचने पर पाबंदी है। लेकिन स्कूलों के आसपास खुलेआम गुटखा, जर्दा, बीड़ी, सिगरेट आदि बिक रहे हैं। इसको मध्यनजर रखते हुए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार नया प्रावधान लागू किया जा रहा है। जिसमें शिक्षकों को ऐसे उत्पाद बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार दिया जाएगा।

महिला की नृशंस हत्या कर शव फेंका

सचिन धीमान
मुजफ्फरनगर(Lagatar Khabar)- कोतवाली क्षेत्र के रहमतनगर इलाके में तहसील के बराबर में सवेरे बोरे में बंद एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। उसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। प्राप्त समाचार के अनुसार थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित तहसील सदर के बराबर से रहमतनगर की ओर जा रही गली में नागरिकों ने एक बोरा पड़ा हुआ देखा। बोरे पर खून लगा हुआ था। इसकी सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर एसआई प्रमोद पंवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बोरा खुलवाया। बोरा खुलते ही पुलिस के होश उड़ गये। उसमें से एक युवती का शव निकला जिसकी गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने मृतका की पहचान कराने के प्रयास किये लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने बताया कि मृतका ने हरे रंग का सलवार सूट पहन रखा था और उसके गले में काला धागा पड़ा हुआ था अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतका की सोते समय हत्या कर शव को यहां फेंका गया है। पुलिस ने शव को परीक्षण हेतु भेज दिया है। पुलिस मृतका की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

बालीवुड फिल्म 'खाप' को लेकर खफा हुई खाप

सचिन धीमान
मुजफ्फरनगर(Lagatar Khabar)- ऑनर किलिंग व खाप पंचायतों के फैसलों जैसी संवेदनशील मुद्दों पर बनी बालीवुड की फिल्म खाप को लेकर भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले कई खापों के लोगों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए नगर ब्रज टाकीज पर हल्ला बोलकर फिल्म के पोस्ट फाड़ दिये। जोरदार विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन ने फिल्म का प्रदर्शन रूकवा दिया।
    भाकियू कार्यकर्ताओं का कहना था कि उक्त फिल्म खाप पंचायतों की छवि खराब करने और संस्कृति विरोधी बताया। प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को सिनेमा घर पर धावा बोलकर फिल्म के पोस्टर फाड़कर जला डाले जिससे पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया। विरोध के चलते दोपहर के शो के बाद फिल्म का प्रदर्शन रोक दिया गया। अहतियात के तौर पर सिनेमा घर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
    गौरतलब है कि हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की खाप पंचायतों और ऑनर किलिंग जैसे संवेदनशील मुद्दों को लेकर बालीवुड फिल्म खाप का निर्माण हुआ है। निर्माण के दौरान से ही यह फिल्म सुखिर्यों में भी। खाप के मुखियाओं ने प्रदर्शन से पूर्व ऐलान किया था कि यह फिल्म रिलीज होने से पूर्व उन्हें दिखाई जाये तथा आपत्तिजनक दृश्यों व संवादों को हटा दिया जाये लेकिन फिल्म के निर्माताओं ने उक्त चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए फिल्म को रिलीज कर दिया। हालांकि फिल्म खाप को दर्शक नहीं मिल रहे हैं लेकिन फिल्म के प्रदर्शन से खाप और भाकियू के तेवर गर्म हो गये हैं।
    भाकियू मंडलाध्यक्ष चन्द्रपाल फौजी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ब्रज सिनेमा पर धावा बोल दिया। उनका कहना था कि फिल्म में खाप पंचायतों का गलत चित्रण किया गया है और यह फिल्म संस्कृति पर कुठाराघात है। जिस समय सिनेमा हाल पर धावा बोला गया तो फिल्म देख रहे दर्शक खिसक लिये। एक वर्दीधारी दर्शक ने तो अपना मुंह ही ढक लिया। हंगामे की सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी फोर्स के साथ मौके पर पहुुंचे। कार्यकर्ताओं ने उनसे फौरन फिल्म को प्रदर्शन रूकवाने की मांग की। अफसरों के इस आश्वासन पर कि दोपहर के बाद कोई शो नहीं होगा तभी भाकियू कार्यकर्ता शांत हुए। प्रदर्शनकारियों में अनिल मलिक, ओमपाल, धर्मेन्द्र, करण सिंह, तराबुद्दीन, इस्लाम मलिक, मांगेराम, सोमपाल, खुर्शीद, सोहनवीर, ब्रजवीर, रामपाल, हरवीर ंिहस, तेजपाल, ओम सिंह आदि शामिल थे।

Saturday, 30 July 2011

लगातार खबर में आपका सवागत है