Tuesday, 2 August 2011

टीम अन्‍ना का पुलिस को जवाब: अनशन के लिए दिल्‍ली से बाहर कोई जगह मंजूर नहीं

नई दिल्‍ली (dainik bhaskar). टीम अन्‍ना ने आज फिर कहा कि वह 16 अगस्‍त से ही अनशन करेगी। अन्‍ना हजारे और उनके सहयोगी इस कोशिश में जुटे हैं कि संसद में लोकपाल बिल का ड्राफ्ट पेश नहीं हो सके। टीम अन्‍ना के सदस्‍य अरविंद केजरीवाल ने यहां पत्रकारों को बताया कि अन्‍ना सभी सांसदों को खुला पत्र लिखकर अनुरोध करेंगे कि सरकार की ओर से तैयार लोकपाल बिल का ड्राफ्ट संसद में कल पेश नहीं होने दिया जाए। सरकार ने लोकपाल बिल को बुधवार को संसद में पेश करने की तैयारी कर ली है।

दिल्‍ली पुलिस की ओर से अनशन की इजाजत नहीं दिए जाने की औपचारिक चिट्ठी मिलने के बाद आज टीम अन्‍ना ने प्रशांत भूषण के घर बैठक की और आंदोलन की रणनीति पर विचार किया। अन्‍ना और उनके सहयोगियों ने दिल्‍ली पुलिस से अनशन के लिए राजधानी के भीतर ही कोई जगह मुहैया कराए जाने की मांग की है।

बैठक के बाद केजरीवाल ने कहा, ‘हम दिल्‍ली पुलिस को खत लिखकर अनशन स्‍थल के तौर पर पांच विकल्‍प पेश करेंगे। इनमें बोट क्‍लब, राजघाट, रामलीला मैदान, शहीद पार्क और जंतर-मंतर में से किसी स्‍थान पर अनशन की इजाजत मांगी जाएगी। यदि जंतर-मंतर पर अनशन की इजाजत में आपत्ति है तो हमें इस जगह से तीन किलोमीटर के दायरे में कोई जगह सुझाएं जो मेट्रो से ठीक से जुड़ा हो और आने-जाने में किसी को कोई दिक्‍कत नहीं हो लेकिन दिल्‍ली से बाहर हमें किसी जगह का विकल्‍प मंजूर नहीं होगा।’
 

0 Comments:

Post a Comment

Subscribe to Post Comments [Atom]

<< Home